Home छत्तीसगढ़ सीएम की घोषणा-हरेली से छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक…बघेल ने 21 मई को पाटन में...

सीएम की घोषणा-हरेली से छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक…बघेल ने 21 मई को पाटन में महात्मा गांधी हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी के उद्घाटन का किया एलान

12

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को धमतरी जिले के दौरे पर रहे। यहां वे धमतरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भटगांव में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने पाटन में महात्मा गांधी हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी का शुभारंभ 21 मई से करने का ऐलान किया।

सीएम भूपेश बघेल ने ग्राम भटगांव में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर राज्यगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शहादत दिवस 21 मई को गोधन न्याय योजना व राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की राशि का वितरण किया जाएगा। किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त भी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटन में महात्मा गांधी हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी की शुरुआत 21 मई को होगी। भूपेश बघेल ने कुल 137 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत के 154 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इसमें 13 करोड़ 97 लाख 75 हजार रूपए के 28 कार्यों का लोकार्पण और 123 करोड़ 63 लाख 22 हजार रुपए के 126 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। भंवरमरा, देमार, खम्हरिया, डाही से डांडेसरा और मड़वापथरा से बरपानी मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्राम भटगांव में भेंट-मुलाकात के दौरान हितग्राहियों को प्रतीकात्मक तौर पर सामग्री और चेक का वितरण किया। इनमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत 5 हितग्राहियों को सामग्री वितरण, जल संसाधन विभाग की ओर से 23 नवनियुक्त उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 30 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रमाण पत्र प्रदाय किया।

हरेली से छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक

सीएम ने कहा कि इस साल हरेली से छत्तीसगढ़िया ओलिंपिक खेलों की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में पहली बार 1 से 3 जून 2023 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव 2023 में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनिक प्रमुखों को पत्र भेजकर उनसे उनके राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के रामायण प्रदर्शन समूहों की भागीदारी का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी से इस राष्ट्रीय रामायण महोत्सव की भव्यता और गरिमा बढ़ेगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतर्गत प्रतियोगी कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य नाटिका का विषय महाकाव्य रामायण के अरण्यकांड पर आधारित होगा। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन होगा।

देश के विभिन्न राज्यों की मानस मंडली और विदेशी दलों द्वारा रामायण पर केंद्रित प्रस्तुति दी जाएगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा और भव्य केलो आरती का आयोजन भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा भटगांव में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में की गई महत्वपूर्ण घोषणाएं

1. आमदी में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला जायेगा।

2. ग्राम पंचायत भटगांव के औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मनराखन देवांगन के नाम पर किया जायेगा।

3. ग्राम तुमराबहार व देवपुर में उप स्वास्थ्य केन्द्र खोला जायेगा।

4. ग्राम मोंगरागहन में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोली जायेगी।

5. ग्राम पंचायत भटगांव के मौली माता मंदिर का जीर्णोद्धार व विभिन्न निर्माण कार्य कराया जायेगा, सड़क निर्माण कार्य भी कराया जाएगा।

6. ग्राम देवपुर के हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी में उन्नयन किया जायेगा।

7. विधानसभा क्षेत्र के आत्मानंद स्कूलों में आवश्यक निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जायेगा।

8. भटगांव गौठान में प्राकृतिक पेंट इकाई स्थापना के लिये मशीनरी व उपकरण क्रय किये जायेंगे।

9. महानदी मुख्य नहर के आरडी 390 से 1000 मीटर तक एवं आरडी 1000 मीटर से 15000 मीटर तक लाइनिंग एवं मरम्मत कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति दी जायेगी।

10. भोयना जलाशय के बांध एवं नहरों का जीर्णोद्धार कार्य, सी.सी. लाइनिंग एवं पक्के संरचनाओं का निर्माण कार्य कराया जायेगा।

11. मोंगरागहन व्यपवर्तन के बियर, गेट एवं नहरों का मरम्मत कार्य कराया जायेगा।

Previous articlePET, PPHT की प्रवेश परीक्षा 25 जून से:CG के कैंडिडेट्स को नहीं देना होगा शुल्क,17 मई से 8 जून तक कर सकते हैं आवेदन
Next articleमुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की घोषणाएं विधानसभा एवं जिला-धमतरी 17 मई 2023

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here