Home राष्ट्रीय ओमिक्रॉन के डर से कई राज्यों में आंशिक लॉकडाउन, आयोजनों पर लगी...

ओमिक्रॉन के डर से कई राज्यों में आंशिक लॉकडाउन, आयोजनों पर लगी बंदिशें…

50

नई दिल्ली (वीएनएस)। ओमिक्रॉन आने के बाद भारत में तेजी से बढ़े कोविड-19 के नए रोगियों की संख्या को देखते हुए कई राज्यों ने आंशिक लॉकडाउन और विभिन्न प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है।
दिल्ली में यलो अलर्ट घोषित होने के बाद यहां स्कूल, कॉलेज, जिम, सिनेमा हॉल बंद कर दिए गए। मेट्रो व बसों में यात्रियों की संख्या सीमित की गई है। मास्क लगाने के लिए सख्ती हो रही है। बाजार, दुकानों व मॉल में भीड़ रोकने के लिए रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। रेस्टोरेंट सुबह 8 से रात 10 बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता पर ही चलाए जा सकते हैं। प्राइवेट ऑफिस में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक 50 प्रतिशत ही स्टाफ बुलाने को कहा गया है।
महाराष्ट्र रात में रहेगा कर्फ्यू
राज्य में रात 9 से सुबह 6 बजे के लिए कर्फ्यू लगा है। सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, स्पा, जिम आदि को अधिकतम 50 प्रतिशत पर चलाने के लिए कहा गया है। पर्यटन स्थलों पर 5 से ज्यादा लोग जमा होने या कोविड नियम तोड़ने पर 500 रुपए जुर्माना वसूला जा रहा है । विवाह अन्य आयोजनों में अधिकतम 50 मेहमानों को ही बुलाने की अनुमति है।
हरियाणा : सिनेमा हॉल बंद
यहां स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए। कई जिलों में सिनेमा हॉल व खेल आयोजन स्थल भी बंद करने के लिए कहा गया है। गुड़गांव, फरीदाबाद, अंबाला, सोनीपत जैसे जिलों में सरकारी व प्राइवेट ऑफिस में 50 प्रतिशत स्टाफ को ही अनुमति दी गई है।
यूपी: नाइट कर्फ्यू , आठवीं तक स्कूल भी बंद
प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए नाइट कर्फ्यू लग चुका है। शीत लहर की वजह से आठवीं कक्षा तक के सरकारी स्कूल भी 14 जनवरी तक बंद रहेंगे, इस आदेश के पीछे ओमिक्रोन के खतरे को भी माना जा रहा है।
राजस्थान सरकारी कर्मचारी को 2 डोज अनिवार्य
तेजी से बढ़े मामलों के बाद 31 जनवरी तक होटल , सरकारी ऑफिस आदि में काम करने वाले नागरिकों के लिए टीके की 2 डोज अनिवार्य की गई हैं। 1 फरवरी से दोनों डोज नहीं लेने वालों को सरकारी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।
पश्चिम बंगाल : दिल्ली, मुंबई की उड़ानों पर पाबंदी
बंगाल सरकार ने दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट को केवल सोमवार और शुक्रवार को उड़ान भरने की अनुमति दी है। शॉपिंग मॉल और बाजार भी 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुले रहेंगे। साथ ही पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है।
एक दिन में 284 संक्रमितों की मौत
देश में रविवार सुबह एक दिन में कोरोना के मामलों में पांच हजार की वृद्धि हुई है। 27,553 नए मामलों के साथ में संक्रमितों की तादाद 3,48, 89, 132 हो गई। वहीं संक्रमण से एक दिन में 284 मरीजों की मौत हुई है, जिनमें सबसे ज्यादा केरल में 241 मौत हुई है।

Previous articleमुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की कोविड-19 की स्थिति की आपात समीक्षा
Next articleकोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन : भाजपा प्रमुख हिरासत में…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here