Home छत्तीसगढ़ महिला समूहों को अब 6 लाख ऋण मिलेगा:CM भूपेश ने की घोषणा;...

महिला समूहों को अब 6 लाख ऋण मिलेगा:CM भूपेश ने की घोषणा; 5000 नए आंगनबाड़ी केंद्र खुलेंगे, हर साल सहायिकाएं होंगी सम्मानित

18

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों को लेकर प्रदेश की सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रायपुर में आयोजित आभार कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने कहा- ये महिलाएं वास्तव में मानवता की सेवा करती है। आप लोग ने छत्तीसगढ़ में जो कार्य किया है वह अतुलनीय है। यह मानवता की सेवा की मिसाल है। आप लोग जो कार्य करते हैं, कोई अन्य नहीं कर सकता। मौका था राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित आभार सम्मेलन का।

मुख्यमंत्री जैसे ही इस कार्यक्रम में पहुंचे। प्रदेश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आए आंगनबाड़ी सहायिका, मितानिनों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और खुशी जाहिर की। आभार सम्मेलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री को गज माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही मानदेय बढ़ाने के निर्णय को लेकर अपनी खुशियां जाहिर की। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए 6 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 5 मितानिनों को सम्मानित किया गया। महिला कोष से 6 स्व-सहायता समूहों को 10 लाख रुपए के ऋण राशि का चेक सौंपा गया।

CM बघेल की घोषणा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आभार सम्मेलन में बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि सक्षम योजना अंतर्गत योजना के लाभ के लिए महिलाओं की वार्षिक आय की सीमा 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 2 लाख रुपए किया जाएगा। महिला समूहों को दिए जाने वाली ऋण राशि की सीमा 4 लाख से बढ़ाकर 6 लाख किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 5000 आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तथा मास्टर ट्रेनर के लिए मानसून सेशन से व्यवस्था की जाएगी।

कोरोना के सेवा काल को किया याद
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज यह अद्भुत कार्यक्रम है, जहां पहली बार ऐसा हुआ है कि मातृ शक्ति बड़ी संख्या में ही नहीं, बल्कि बहुसंख्या में उपस्थित हैं। आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों आभार प्रकट करने आए हैं। मैं प्रदेश की पौने तीन करोड़ जनता से उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं। कोरोना काल में आप लोगों ने जिन परिस्थितियों का सामना करते हुए कार्य किया और दायित्वों को पूरा किया, वह अन्य कोई नहीं कर सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लॉकडाउन की स्थिति थी, तब हमारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका बहनें कुपोषण के खिलाफ जंग लड़ रही थीं। घर-घर जाकर गर्म भोजन राशन पहुंचाया। उन्होंने कहा कि चाहे कैसा भी मौसम हो। नदी-नालों को पार करना या दूरस्थ स्थानों में स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने की जिम्मेदारी हो। या टीकाकरण करना हो, हमारी बहनें आगे रहती हैं, अपने कार्य को समर्पित भाव से करती हैं।

कुपोषण घटा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका कुपोषण के खिलाफ जंग लड़ रही है। उनके इस उल्लेखनीय कार्य के कारण ही हमारे राज्य में कुपोषण की दर 37.7 प्रतिशत थी, वह अब 31.3 प्रतिशत रह गई है। आप सबके सहयोग से इसे न्यूनतम लाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने आप सभी बहनों के सहयोग से मलेरिया के खिलाफ संघर्ष किया। हमने मां दंतेवश्वरी की पूजा कर मलेरिया मुक्त बस्तर का प्रण लिया और आज सफल होते दिख रहे हैं। हमारी मितानिन बहनों द्वारा घर-घर जाकर मलेरिया की जांच की जा रही है और दवाईयां दी जा रही है। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप मलेरिया के प्रकरणों में कमी आई है।

Previous articleजिले के 16 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा
Next articleदुर्ग के 2 स्टेशन होंगे हाईटेक, बढ़ेंगी कई सुविधाएं:भिलाई नगर निगम और रेलवे मिलकर करेंगे कायाकल्प; अधिकारियों और महापौर ने किया निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here